विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर हुआ कार्यक्रम आयोजित

Spread the love


कोटद्वार। पब्लिक इण्टर कॉलेज सुरखेत में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं को रेडक्रॉस के सात मुख्य सिद्धान्तों को जीवन में आत्मसात करने के साथ ही रक्तदान कीजिए, जीवनदान दीजिए का संकल्प करवाया गया। विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और जूनियर रेडक्रॉस सोसाइटी की पहल पर आयोजित संगोष्ठी का शुभारम्भ विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा एन० एस० एस० के गढ़वाल मण्डल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने रेडक्रॉस के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के चित्र पर मार्ल्यापण करके उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए किया। विश्व रेडक्रॉस दिवस की जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि मानवता ,करुणा और सेवा भाव को समर्पित रेडक्रॉस एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जिसकी स्थापना 1863 में हेनरी ड्यूनेंट के द्वारा की गयी। उनका जन्म 08 मई 1828 को जेनेवा स्विट्जरलैंड में हुआ था । भारत में रेडक्रॉस की शुरुआत 1920 में हुई। पहली बार विश्व रेडक्रॉस दिवस 08 मई 1948 को मनाया गया तब से प्रत्येक वर्ष 08 मई को रेडक्रॉस दिवस उसके संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के योगदान को याद करने और उसे सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। वर्ष 2025 के विश्व रेडक्रॉस दिवस का मुख्य विषय (थीम) ’मानवता को जीवित रखना ’ निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा कि मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सर्वभौमिकता के सात मुख्य सिद्धान्तों पर आधारित रेडक्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवक आपातकालीन स्थिति प्राकृतिक आपदा, युद्ध और महामारी के समय पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की निःस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व पर आयोजित पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में जूनियर रेडक्रॉस सोसाइटी के विद्यार्थियों ने सुन्दर और प्रेरक स्लोगन लिखकर जीवन में रक्तदान करके जरूरतमंद लोगों को जीवनदान देने का संदेश दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *