विश्व पृथ्वी दिवस पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन

कोटद्वार। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पब्लिक इण्टर कॉलेज सुरखेत में राष्ट्रीय सेवा योजना, यूसर्क विज्ञान चेतना केन्द्र तथा सैर सलीका के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने यूसर्क के आनलाइन सेमिनार से जुड़ने के साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर पालीथीन, प्लास्टिक व पिरुल का उन्मूलन किया साथ ही रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1970 से 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष इसके लिए एक थीम निर्धारित की जाती है। इस वर्ष की थीम हमारी शक्ति, हमारा बृह्माण्ड निर्धारित किया गया है। विद्यालय के यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्र व स्टेम लैब में उत्तराखण्ड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केन्द्र,विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग उत्तराखण्ड शासन की पहल पर विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित सेमिनार से गूगल मीट आनलाइन जुडकर छात्र छात्राएं यूसर्क की निदेशक प्रो० (डा ० ) अनीता आर्य, वैज्ञानिक डा०भवतोष शर्मा, डा० ओ०पी० नौटियाल , डा० राजेन्द्र राणा, डा मन्जू सुन्द्रियाल के द्वारा दी गयी जानकारियों से लाभन्वित हुए। छात्र छात्राओं ने विद्यालय में बने स्वामी विवेकानंद एन० एस ० एस० पार्क तथा यूसर्क उद्यान वाटिका में पेड़ पौधों व फुलवारियों की निराई गुड़ाई व सिंचाई का कार्य करने के अलावा पालीथीन ,प्लास्टिक व पिरुल एकत्रित करके उसका उन्मूलन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, एन० एस० एस० के स्वयंसेवक सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।